चार जिलों में हाथियों का आतंक, 4 ग्रामीणों की मौत

चार जिलों में हाथियों का आतंक, 4 ग्रामीणों की मौत
कोरिया, कोरबा, रायगढ़ और गरियाबंद में अलग-अलग घटनाओं में हाथियों ने बुजुर्ग, महिला और दो ग्रामीणों को बनाया निशाना

बिलासपुर/सरगुजा। छत्तीसगढ़ के चार जिलों—कोरिया, कोरबा, रायगढ़ और गरियाबंद में बीती रात हाथियों के हमलों से चार ग्रामीणों की मौत हो गई। लगातार बढ़ते हाथी–मानव संघर्ष ने वन विभाग और ग्रामीण क्षेत्रों की चिंता और बढ़ा दी है।

कोरिया में बुजुर्ग को दौड़ाकर कुचला

कोरिया जिले के बैकुंठपुर वन परिक्षेत्र में 11 हाथियों के दल ने एक बुजुर्ग की झोपड़ी तोड़ दी। झोपड़ी गिरने की आवाज से घबराकर भागने की कोशिश कर रहे बुजुर्ग को हाथियों ने दौड़ाकर कुचल डाला। घटना देर रात की बताई जा रही है।

कोरबा में मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति की मौत

कोरबा के करतला परिक्षेत्र में हाथी के हमले से मानसिक रूप से बीमार युवक की मौत हो गई। एक वायरल वीडियो में ग्रामीणों को हाथियों के झुंड पर पत्थर फेंकते हुए देखा गया, जिसके बाद गुस्साए हाथियों ने पलटकर ग्रामीणों को दौड़ा लिया और युवक को कुचल दिया।

रायगढ़ में सोते वक्त हमला, महिला की मौत

रायगढ़ जिले के बाकारूमा रेंज में पति–पत्नी खेत के पास झोपड़ी बनाकर रह रहे थे। रात में सोते समय हाथियों के एक झुंड ने हमला कर दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति नदी के बीच पत्थर के पीछे छिपकर किसी तरह अपनी जान बचा सका।

गरियाबंद में टॉयलेट जाने निकले ग्रामीण पर हमला

गरियाबंद जिले में एक बीमार हाथी ने आधी रात को एक ग्रामीण को कुचलकर मार डाला। ग्रामीण अपनी झोपड़ी गिरने की आवाज सुनकर टॉयलेट जाने बाहर निकला ही था कि हाथी ने झाड़ियों में छिपकर उस पर हमला कर दिया।

इन लगातार हो रही घटनाओं ने ग्रामीण इलाकों में दहशत फैला दी है। वन विभाग की टीमें हाथियों की मूवमेंट पर नजर बनाए हुए हैं, वहीं प्रभावित इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।