रायपुर में ODI मैच: आज शाम फिर शुरू होगी ऑनलाइन टिकट बुकिंग

रायपुर में ODI मैच: आज शाम फिर शुरू होगी ऑनलाइन टिकट बुकिंग

3 दिसंबर को भारत-दक्षिण अफ्रीका मुकाबला, दूसरे चरण की बुकिंग 5 बजे से

रायपुर। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 3 दिसंबर को नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में दूसरा वनडे मैच खेला जाएगा। इसके लिए टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग आज यानी 28 नवंबर को शाम 5 बजे से दोबारा शुरू होगी।

छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने बुकिंग की जिम्मेदारी टिकटजिनी डॉट इन को सौंपी है। इससे पहले 22 नवंबर को खुले पहले चरण की बुकिंग केवल 16 मिनट में बंद करनी पड़ी थी, जब तक 18 हजार टिकटों की बिक्री का दावा किया गया।

संघ के डायरेक्टर विजय शाह ने बताया था कि साइट पर अचानक बढ़े दबाव के कारण सर्वर ठप होने का खतरा था, इसलिए बुकिंग रोकी गई। अब दूसरे चरण में भी एक आईडी से केवल चार टिकट ही खरीदी जा सकेंगी।

ऑनलाइन बुकिंग कराने वालों को फिजिकल टिकट लेने के लिए अपने स्मार्टफोन के साथ बूढ़ातालाब स्थित इंडोर स्टेडियम पहुंचना होगा। यह काउंटर 24 नवंबर से खुला है और 2 दिसंबर की शाम तक संचालित होगा। स्टेडियम की क्षमता 50 हजार से अधिक है, जिनमें से 46 हजार टिकट बिक्री के लिए रखे गए हैं।