रायगढ़ में बाइक-ट्रेलर हादसा: ग्रामीण की मौके पर मौत

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 58 वर्षीय ग्रामीण मुकुंद यादव की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में उस समय हुआ जब बाइक सवार ट्रेलर से टकरा गया।

जानकारी के अनुसार, मुकुंद यादव (निवासी सामारूमा) मंगलवार को अपने किसी निजी कार्य से अमलीडीह गए थे और शाम करीब 6 बजे बाइक से सामारूमा लौट रहे थे। रास्ते में मन्नू ढाबा के पास सड़क पर एक ट्रेलर ब्रेकडाउन होकर खड़ा था, लेकिन ट्रेलर पर कोई सुरक्षा चिन्ह या चेतावनी नहीं थी।

मुकुंद यादव को ट्रेलर बहुत नजदीक आने पर दिखाई दिया और तेजी से ब्रेक लगाने के बावजूद उनकी बाइक सीधे ट्रेलर के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीण और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंचे। शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद घरघोड़ा अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

स्थानीय लोग लगातार सड़क किनारे खड़े अव्यवस्थित भारी वाहनों को दुर्घटनाओं का कारण बता रहे हैं और प्रशासन से कड़े कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। ट्रेलर चालक और वाहन मालिक की पहचान की जा रही है और लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हादसे के बाद सामारूमा गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीण मुकुंद यादव को शांत स्वभाव और मेहनतकश व्यक्ति के रूप में याद कर रहे हैं, जबकि उनके परिवार के सदस्य इस घटना से सदमे में हैं।