दुर्ग: जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर अभिजीत सिंह ने आम जनता से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई कर सभी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर हितेश पिस्दा और उत्तम ध्रुव भी मौजूद थे।
जनदर्शन में कुल 91 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें अवैध कब्जा, आवासीय पट्टा, प्रधानमंत्री आवास, भूमि सीमांकन, सीसी रोड निर्माण, ऋण पुस्तिका सुधार और आर्थिक सहायता राशि से संबंधित मुद्दे शामिल थे। ग्राम निकुम के एक निवासी ने अपने आवासीय भूमि पट्टे के नवीनीकरण की मांग की। उन्होंने बताया कि वर्ष 1968-69 में प्राप्त पट्टे का रिकॉर्ड उनके पास मौजूद है, लेकिन वर्ष 2024-25 के पुनः सर्वे के बाद नया पट्टा अभी तक जारी नहीं किया गया। कलेक्टर ने भू-अभिलेख का परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
सुभाष नगर के एक निवासी ने अपने गुमशुदा पति द्वारा लिए गए कर्ज और निजी वित्तीय कंपनियों के दबाव की शिकायत की। कलेक्टर ने लीड बैंक मैनेजर को मामले की त्वरित जांच और समाधान के लिए निर्देशित किया। वहीं, बजरंग नगर के नेत्रहीन युवक ने अपने जर्जर मकान के पुनर्निर्माण हेतु प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ऋण की मांग की। कलेक्टर ने दुर्ग नगर निगम आयुक्त को आवश्यक कार्रवाई करने का आदेश दिया।
