BLO को नोटिस, SIR प्रक्रिया में लापरवाही पर कार्रवाई सख्त

खैरागढ़। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य में लापरवाही बरतने पर सहायक BLO के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। एसडीएम एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी टंकेश्वर प्रसाद साहू ने सहायक बीएलओ श्यामा बोरकर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

जंगल भ्रमण के दौरान मिली अनुपस्थिति

वनांचल क्षेत्र के गातापार जंगल में निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्र क्रमांक 36 इटार पूमाशा में पदस्थ प्रभारी प्रपा एवं सहायक BLO श्यामा बोरकर बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाई गईं। SIR जैसे संवैधानिक और राष्ट्रीय महत्व वाले कार्य में की गई इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए नोटिस जारी किया गया है।

बीईओ नीलम सिंह राजपूत को निर्देश दिया गया है कि यदि उनका स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया जाता, तो संबंधित कर्मचारी का एक दिन का वेतन काटा जाए।

जिले में SIR कार्य की लगातार निगरानी

देश के 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण जारी है। खैरागढ़ जिले में यह कार्य कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में सुचारू रूप से चल रहा है। प्रगति की लगातार समीक्षा की जा रही है और लापरवाह कर्मचारियों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

राष्ट्रीय स्तर का सर्च पोर्टल उपलब्ध

सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी टंकेश्वर प्रसाद साहू ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा राष्ट्रीय सर्च पोर्टल उपलब्ध कराया गया है। इसके माध्यम से किसी भी राज्य की मतदाता सूची में नाम आसानी से खोजा जा सकता है।

उन्होंने मतदाताओं से इस महत्वपूर्ण कार्य में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी पात्र नागरिक अपने नाम सही ढंग से दर्ज करवाने के लिए आगे आएँ।

You missed