रायपुर। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और फरार आरोपियों पर शिकंजा कसने के लिए रायपुर पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। आईजी और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन पर जिले के सभी थाना प्रभारियों एवं पुलिस राजपत्रित अधिकारियों को स्थायी और अभियुक्त गिरफ्तारी वारंट की तामिली के लिए निर्देश जारी किए गए थे।
100 टीमों की एक साथ छापेमारी, पूरे जिले में विशेष अभियान
जारी निर्देशों के बाद 21 नवंबर 2025 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों एवं नगर पुलिस अधीक्षकों के पर्यवेक्षण में लगभग 100 पुलिस टीमों ने पूरे जिले में विशेष अभियान चलाया। थाना प्रभारियों ने अपनी-अपनी टीमों के साथ वारंट जारी अपराधियों की तलाश में व्यापक छापेमारी की।
हत्या–बलात्कार समेत गंभीर मामलों के 275 आरोपी पकड़े गए
विशेष अभियान के सिर्फ 24 घंटे में पुलिस ने हत्या, हत्या के प्रयास, बलात्कार, आर्म्स एक्ट, मारपीट, धोखाधड़ी और अन्य गंभीर अपराधों के कुल 275 स्थायी एवं अभियुक्त गिरफ्तारी वारंट तामिल किए। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
राज्य की सीमा पार से भी पकड़े गए आरोपी
तामिल किए गए वारंटों में कई वारंटी ऐसे थे जो महाराष्ट्र, ओडिशा, मध्यप्रदेश और अन्य सरहदी जिलों में छिपे हुए थे। पुलिस टीमों ने इन राज्यों में भी पहुंचकर आरोपियों को गिरफ्तार किया और रायपुर लाया।
