सरगुजा। जिले के सीतापुर विकासखंड के ग्राम काराबेल निवासी चंचल पैकरा ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) 2024 में अनुसूचित जनजाति वर्ग में पहला स्थान हासिल किया है। उनके माता-पिता रघुवर प्रसाद पैकरा और संतिला पैकरा किसान हैं और सब्जी भी बेचते हैं। चंचल की ओवरऑल रैंक 204 रही।
चंचल ने पहली बार पीएससी मेन्स परीक्षा दी थी। इससे पहले उन्होंने पीएससी प्री परीक्षा दी थी, जिसमें सफलता नहीं मिली। इसके बाद कोचिंग लेकर उन्होंने मेन्स परीक्षा में सफलता हासिल की। चंचल की प्रारंभिक शिक्षा काराबेल सरकारी प्राथमिक विद्यालय में हुई। बाद में उनका चयन एकलव्य विद्यालय सन्ना, जशपुर के लिए हुआ, जहाँ उन्होंने दसवीं और बारहवीं की परीक्षा में प्रथम श्रेणी प्राप्त की और दोनों ही सालों में स्कूल टॉपर रहीं।
चंचल ने जगदलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज से सिविल ब्रांच में इंजीनियरिंग पूरी की। पढ़ाई के प्रति उनकी लगन को देखकर उनके पिता ने उन्हें अधिकारी बनाने का निर्णय लिया। पिता की मदद से बिलासपुर में कोचिंग के माध्यम से चंचल ने मेन्स परीक्षा में सफलता पाई और साक्षात्कार तक पहुँची।
चंचल पैकरा की छोटी बहन वर्तमान में अंबिकापुर कालेज से बीएससी सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रही है और छोटा भाई हेमंत पैकरा 11वीं कक्षा में पढ़ रहा है। चंचल पैकरा वर्तमान में बिलासपुर में हैं और भविष्य की तैयारियों में जुटी हैं। उनके इस उपलब्धि पर परिवार और जिले में खुशी का माहौल है।
