धामी सरकार के सुधारों का असर, खनन क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन से मिली बड़ी उपलब्धि
उत्तराखंड ने खनन क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार की खनिज सुधार रैंकिंग में दूसरा स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के चलते राज्य को 200 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है, जो खनन प्रबंधन और नीति सुधारों में की गई प्रभावी पहल का नतीजा मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार खनन क्षेत्र में पारदर्शिता, तकनीकी उपयोग, प्रशासनिक दक्षता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सुधार कार्य कर रही है। इन्हीं प्रयासों की बदौलत उत्तराखंड एक बार फिर केंद्र सरकार की रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचा है।
सरकार की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए संदेश में कहा गया कि खनन क्षेत्र में किए गए सुधार अब जमीनी स्तर पर परिणाम दे रहे हैं। केंद्र द्वारा जारी नवीनतम खनिज सुधार रैंकिंग में उत्तराखंड को दूसरी रैंक मिली है, जिसके लिए केंद्र ने 200 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की है।
राज्य सरकार का मानना है कि यह उपलब्धि न केवल प्रभावी प्रबंधन का परिणाम है, बल्कि खनन क्षेत्र में पारदर्शिता और नियमों के बेहतर क्रियान्वयन का भी प्रमाण है। सरकार अब इस राशि का उपयोग खनन क्षेत्र में तकनीकी साधनों को मजबूत करने, अवैध खनन रोकथाम और पर्यावरणीय संरक्षण उपायों में करने की योजना बना रही है।
यह उपलब्धि उत्तराखंड के लिए आर्थिक मजबूती और खनन क्षेत्र में स्थायी विकास की दिशा में एक और अहम कदम माना जा रहा है।
