7 और नक्सली ढेर, सुकमा में फिर गरजे हथियार

सुकमा। बस्तर संभाग में नक्सल मोर्चे पर सुरक्षा बलों को लगातार दूसरी दिन बड़ी सफलता मिली है। जिले के उसी घने जंगल वाले इलाके में, जहां हाल ही में कुख्यात नक्सली कमांडर हिड़मा मारा गया था, एक बार फिर मुठभेड़ छिड़ गई है। इस ताजा एनकाउंटर में 7 और नक्सलियों के ढेर होने की खबर है।

मारे गए नक्सलियों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि सुरक्षा बल पूरी सतर्कता के साथ इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। गोलीबारी अभी भी रुक-रुक कर जारी रहने की जानकारी मिल रही है।

हिड़मा की मौत के बाद लगातार ऑपरेशन तेज

गौरतलब है कि बस्तर व देश से नक्सलवाद को खत्म करने के अभियान के तहत सुरक्षाबलों ने दो दिन पहले बड़ी कामयाबी हासिल की थी। छत्तीसगढ़–आंध्रप्रदेश सीमा पर हुई मुठभेड़ में नक्सलियों के बड़े कमांडर माड़वी हिड़मा को मार गिराया गया था।

हिड़मा वही नाम है जिस पर प्रदेश में सबसे ज्यादा नक्सली वारदातों का मास्टरमाइंड होने का आरोप था। हाल ही में प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा उसकी मां से मिलने उसके घर पहुंचे थे और उनका वीडियो संदेश जारी किया था, जिसमें हिड़मा से 30 नवंबर तक सरेंडर करने की अपील की गई थी। लेकिन इससे पहले ही वह सुरक्षाबलों के ऑपरेशन में ढेर हो गया।

नक्सल उन्मूलन अभियान को मिली नई रफ्तार

लगातार दो दिनों की बड़ी कार्रवाई ने यह संकेत स्पष्ट कर दिया है कि सुरक्षा बल अब गहरे जंगलों में भी मजबूती से बढ़त बना रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि हिड़मा की मौत और ताजा मुठभेड़ में 7 नक्सलियों के मारे जाने से नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।