सीमा पर ‘धान माफिया’ की हलचल! आधी रात पहुंची प्रशासनिक फोर्स—तीन चेकपोस्टों पर हड़कंप, कड़ी निगरानी में हर वाहन
राज्य में अवैध धान की आवाजाही रोकने प्रशासन सक्रिय, सीमावर्ती चेकपोस्टों पर कड़ी निगरानी
रायपुर। प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने के साथ ही अवैध धान परिवहन की आशंका को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी के तहत जशपुर जिला प्रशासन ने झारखंड सीमा से लगी चेकपोस्टों पर देर रात अचानक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का पूरा जायजा लिया।
जशपुर कलेक्टर के निर्देश पर गठित टीम में तहसीलदार जयश्री राजनपथे, नायब तहसीलदार अरुण कुमार, फूड इंस्पेक्टर आलोक टोप्पो, मंडी निरीक्षक, राजस्व निरीक्षक और पटवारी शामिल थे। टीम ने भलमंडा, सकरडेगा और साईंटांगाटोली चेकपोस्टों का दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान वाहन चेकिंग, निगरानी तंत्र और सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की गई। टीम ने मौके पर ही अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी संदिग्ध वाहन या व्यक्ति को बिना सत्यापन आगे न बढ़ने दिया जाए।
इस निरीक्षण में संबंधित ग्रामों के सरपंच और सचिव भी शामिल रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे सीमा क्षेत्र में किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या अवैध ढुलाई की सूचना तुरंत दें, ताकि धान माफिया पर कड़ी रोक लगाई जा सके।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सीमावर्ती इलाकों में 24×7 निगरानी जारी रहेगी और अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
