भिलाई में चाकू लेकर दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
पेट्रोलिंग टीम ने बड़ी कार्रवाई कर रोक दी दहशत
दुर्ग। जिले के भिलाई में एक युवक चाकू लहराकर राहगीरों में डर और दहशत फैला रहा था। पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, यह घटना पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र की है। शहर में चाकू, तलवार, कटर जैसे प्रतिबंधित हथियारों के प्रयोग से जुड़े अपराधों में वृद्धि को देखते हुए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
मौके पर पहुँचकर पुलिस ने यश गुप्ता (19 वर्ष) निवासी पुरानी भिलाई को घेराबंदी कर पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू बरामद हुआ।
जांच में सामने आया कि युवक ने खुलेआम लोगों को डराने के लिए प्रतिबंधित हथियार का प्रदर्शन किया। पुलिस ने उसे आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने आरोपी को केंद्रीय जेल में न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
