CG BREAKING: लालखदान तालाब में नहाने गए चार बच्चों में से दो की डूबकर मौत

बिलासपुर: लालखदान क्षेत्र में रविवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें नहाने गए चार बच्चों में से दो बच्चों की मौत हो गई। घटना ग्राम पंचायत महमंद के बेलभाठा मैदान के पास स्थित तालाब की है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नयापारा शिव विहार कॉलोनी के चार बच्चे तालाब की पचरी के पास नहा रहे थे। पानी ऊपर से उथला था, लेकिन कुछ कदम आगे बढ़ते ही अचानक गहराई थी। इसी बीच एक बच्चे का पैर फिसला और वह अंदर खिंच गया। उसे बचाने के प्रयास में बाकी तीन बच्चे भी गहरे हिस्से में चले गए।

तीनों में से प्रियांशु और उदयन किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन 14 वर्षीय पवन और 13 वर्षीय साईं राव गहराई में फंस गए और पानी में समा गए।

स्थानीय लोग और पुलिस-एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुँची

हादसे की सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुँची। गोताखोरों ने कई घंटे तक खोजबीन की। करीब चार घंटे की लगातार कोशिशों के बाद दो बच्चों के शव तालाब से बरामद किए गए।

परिजन और क्षेत्र में मातम

बच्चों के शव तालाब किनारे लाए जाने पर उनके परिवारजन फूट-फूटकर रो पड़े। शिव विहार कॉलोनी और महमंद क्षेत्र में मातम छा गया। लोग पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

स्थानीय निवासियों ने बताया कि तालाब का गहरा हिस्सा अचानक नीचे की ओर धँसा हुआ है और वहां कोई चेतावनी बोर्ड या बैरिकेडिंग नहीं थी। प्रशासन की ओर से उचित संकेत नहीं होने के कारण बच्चों को खतरे का अंदाजा नहीं था।

पुलिस जांच जारी

तोरवा पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से बयान ले रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि तालाब के किस हिस्से में गहराई अधिक थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तालाब का तल असमान है और अचानक गहराई बढ़ जाती है। लापरवाही के मामले में आगे कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।