बिलासपुर ट्रेन हादसा: सीनियर अधिकारी को हटाया, नई तैनाती की गई

बिलासपुर: 4 नवंबर को बिलासपुर जिले के गतौरा के पास हुए भीषण रेल हादसे के बाद रेलवे विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। जांच के दौरान सीनियर अधिकारी एम. आलम को जबरन छुट्टी पर भेज दिया गया। एम. आलम वही अधिकारी हैं जिन्होंने मेमू ट्रेन के ऑपरेशन में लोको पायलट की ड्यूटी निर्धारित की थी। उनके पद पर अब टीआरडी विवेक कुमार को तैनात किया गया है।

हादसा गतौरा-लालखदान ओवरब्रिज के बीच शाम करीब 4:10 बजे हुआ था। गेवरारोड-बिलासपुर मेमू लोकल ट्रेन खड़ी मालगाड़ी से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई डिब्बे मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गए, जिससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई।

रेलवे प्रशासन, जिला प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमों ने मौके पर राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया, जो देर रात तक जारी रहा। इस भीषण दुर्घटना में अब तक 14 यात्रियों की मौत हो चुकी है, जबकि लगभग 20 लोग गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।

रेलवे विभाग की तरफ से यह कदम ट्रेन संचालन में हुई चूक और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयास के तहत उठाया गया माना जा रहा है।