रायपुर–मुंबई रूट पर हवाई यात्रियों में बढ़ोतरी

 बढ़ती डिमांड को देखते हुए इंडिगो 1 फरवरी से शुरू करेगी चौथी फ्लाइट, यात्रियों को मिलेगा नया विकल्प

रायपुर। रायपुर से मुंबई के बीच हवाई यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए इंडिगो एयरलाइंस ने एक बड़ा फैसला लिया है। एयरलाइन 1 फरवरी से रायपुर–नवी मुंबई रूट पर चौथी उड़ान शुरू करने जा रही है। यह नई फ्लाइट दोपहर के शेड्यूल में संचालित होगी, जिससे यात्रियों के पास यात्रा के अधिक विकल्प उपलब्ध हो जाएंगे।

फिलहाल रायपुर और मुंबई के बीच निजी एयरलाइंस की तीन उड़ानें संचालित हो रही हैं, लेकिन इन उड़ानों में हमेशा भारी भीड़ रहती है। सामान्य दिनों में भी रायपुर–मुंबई फ्लाइट का किराया 10 हजार रुपए से ऊपर रहता है, जबकि पीक सीजन में यह बढ़कर दोगुना या ढाई गुना तक पहुंच जाता है। यात्रियों की इस बढ़ती डिमांड को देखते हुए लंबे समय से इस रूट पर फ्लाइट बढ़ाने की मांग उठ रही थी।

रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से दिल्ली और मुंबई के लिए यात्रियों की संख्या सबसे अधिक रहती है। वर्तमान में दिल्ली के लिए आठ नियमित उड़ानों का संचालन किया जा रहा है। अब नई मुंबई फ्लाइट के जुड़ने से यात्रियों का सफर और सुगम होने की उम्मीद है।

इंडिगो की नई पहल से रायपुर–मुंबई के बीच यात्रा करने वाले व्यापारिक यात्रियों, पर्यटकों और कामकाजी वर्ग को काफी राहत मिलने की संभावना है।