दुर्ग: जिले के जामुल थाना क्षेत्र में स्थित स्वास्तिक इंजीनियरिंग वर्क्स में काम के दौरान एक मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान छावनी निवासी नवल पटेल (25 वर्ष) के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, 12 नवंबर की सुबह, नवल पटेल रोज़ की तरह काम कर रहे थे, तभी क्रेन का हुक बिजली के तार से टकरा गया। करंट लगते ही नवल गंभीर रूप से झुलस गए और वहीं गिर पड़े। साथी मजदूरों और कंपनी के कर्मचारियों ने उन्हें तुरंत भिलाई के एक निजी अस्पताल ले जाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा किया। स्थिति को देखते हुए कंपनी प्रबंधन ने तत्काल 5 लाख रुपए मुआवजे की घोषणा की।
टीआई रामेन्द्र सिंह ने बताया कि नवल पिछले एक साल से स्वास्तिक इंजीनियरिंग वर्क्स में मजदूर के रूप में कार्यरत थे। यह घटना न केवल परिवार के लिए बल्कि कार्यस्थल की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चेतावनी है।
