दिव्यांग रग्बी खिलाड़ी पिंटू राम साहू को मुख्यमंत्री ने दिए 90 हजार रुपए का आर्थिक अनुदान

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निवास में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान रायपुर जिले के अभनपुर से आए दिव्यांग रग्बी खिलाड़ी पिंटू राम साहू को मुख्यमंत्री ने 90 हजार रुपए का आर्थिक अनुदान स्वीकृत किया। साहू ने व्हीलचेयर और आवश्यक खेल सामग्री खरीदने हेतु सहायता मांगी थी, जिसे मुख्यमंत्री ने उनकी परिस्थितियों को समझते हुए तुरंत मंजूर किया।

पिंटू राम साहू ने बताया कि वे पिछले चार वर्षों से खेल जगत से जुड़े हुए हैं और 2 अक्टूबर 2025 को पहली बार ग्वालियर में रग्बी खेलने गए थे। वर्तमान में बी.ए. फाइनल ईयर के छात्र साहू, अपनी दिव्यांगता के बावजूद खेल में अपने भविष्य को उज्जवल बनाने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री से सहायता प्राप्त होने के बाद साहू ने खुशी व्यक्त की और कहा, “यह सहयोग मेरे लिए बड़ी प्रेरणा है। मैं खेल में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए लगातार मेहनत करूंगा और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करूंगा।”