रायपुर: जनदर्शन कार्यक्रम आज से फिर शुरू, CM विष्णुदेव साय जनता से करेंगे आमना-सामना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जनदर्शन कार्यक्रम फिर से शुरू हो रहा है। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से जनता और शासन के बीच सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 13 नवंबर, गुरुवार को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक प्रदेशवासियों से मिलेंगे और उनकी समस्याएं स्वयं सुनेंगे। यह पहल मुख्यमंत्री के जनसरोकारों के प्रति समर्पण और पारदर्शी शासन की मिसाल मानी जा रही है।

राज्य सरकार का उद्देश्य है कि आम जनता की समस्याएं सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचे और उनका समाधान समयबद्ध तरीके से किया जा सके। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का संवेदनशील और त्वरित निराकरण किया जाए और आवश्यकता पड़ने पर फील्ड विजिट भी की जाए।

इस कार्यक्रम में नागरिक अपने व्यक्तिगत, प्रशासनिक, सामाजिक या विकास संबंधी मुद्दे सीधे मुख्यमंत्री के सामने रख सकेंगे। यह उन लोगों के लिए विशेष अवसर है जो सरकारी दफ्तरों में अपनी बात रखने में कठिनाई महसूस करते हैं या जिनकी समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं।