कोरबा में दर्दनाक घटना, तीन महीने पहले पत्नी को खोया था दुखीराम ने — अब खुद कर लिया सुसाइड
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है। पत्नी की मौत के तीन माह बाद एक 66 वर्षीय बुजुर्ग ने ज़हर खाकर आत्महत्या कर ली। परिजन कहते हैं— “मां के जाने के बाद पिता कभी पहले जैसे नहीं रहे।”
यह घटना उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम पताढ़ी की है। मृतक का नाम दुखीराम बताया जा रहा है। शनिवार को काम से लौटने के बाद वह देर शाम घर पहुंचे और नशे की हालत में ज़हर का सेवन कर लिया।
दो दिन तक लड़ा ज़िंदगी से जंग
गंभीर हालत में परिजनों ने उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ दो दिन तक चले इलाज के बाद उनकी मौत हो गई।
मृतक के बेटे बसंत कुमार ने बताया कि तीन महीने पहले उनकी मां की मृत्यु हुई थी। तब से पिता हमेशा गुमसुम और चुपचाप रहने लगे थे। परिजनों को आशंका है कि पत्नी के वियोग का दर्द ही उनकी आत्महत्या की वजह बना।
पुलिस कर रही जांच
इस संबंध में जिला अस्पताल चौकी प्रभारी विश्व नारायण चौहान ने बताया कि मंगलवार को मेडिकल कॉलेज से सूचना मिलने के बाद परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
