“यूनिटी मार्च” में फूट! केंद्रीय मंत्री के सामने भिड़े दो बड़े BJP नेता — बीच सड़क पर ‘फर्स्ट लाइन’ को लेकर जमकर नोंकझोंक

बिलासपुर में सियासी सस्पेंस, मंत्री तोखन साहू को करना पड़ा बीच-बचाव, वीडियो वायरल होने की चर्चा

बिलासपुर। बीजेपी के “यूनिटी मार्च” में सोमवार को उस वक्त ड्रामा और टकराव का माहौल बन गया, जब पार्टी के दो वरिष्ठ नेता आमने-सामने भिड़ गए।
केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के साथ फर्स्ट लाइन में चलने को लेकर बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला और प्रदेश मंत्री हर्षिता पांडे के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि खुद केंद्रीय मंत्री को बीच-बचाव करना पड़ा।

 “पहली लाइन मेरी!” — सरेआम गरमाए नेता

सूत्रों के मुताबिक, तिफरा से जैसे ही यूनिटी मार्च शुरू हुआ, हर्षिता पांडे केंद्रीय मंत्री तोखन साहू के बिल्कुल बगल में खड़ी हो गईं। इससे विधायक सुशांत शुक्ला को जगह नहीं मिली और वे मंत्री के पीछे दूसरी लाइन में चलने लगे।
थोड़ी दूर चलने के बाद जब शुक्ला ने फर्स्ट लाइन में आने की कोशिश की तो हर्षिता पांडे भड़क गईं और दोनों के बीच सरेआम “देख लेने” जैसी बातें होने लगीं।

 बीच में उतरे केंद्रीय मंत्री

विवाद बढ़ता देख केंद्रीय मंत्री तोखन साहू और वरिष्ठ नेता धरमलाल कौशिक ने स्थिति को संभालने की कोशिश की। उन्होंने दोनों नेताओं को शांत कराया।
हालांकि, इस घटना ने यूनिटी मार्च की एकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पार्टी के अंदर की यह तकरार अब सियासी हलकों में चर्चा का विषय बन चुकी है।

 क्या बढ़ेगा विवाद?

बीजेपी का “यूनिटी मार्च” जहां संगठनात्मक एकजुटता दिखाने का मंच था, वहीं नेताओं के बीच सरेआम भिड़ंत ने “एकता” को दिखावे जैसा बना दिया।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि मामले की रिपोर्ट जल्द ही वरिष्ठ नेतृत्व को भेजी जाएगी, ताकि विवाद और न बढ़े।