रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुजरात के गांधीनगर स्थित NAMTECH (New A Maker’s Institute of Technology) कॉलेज का हाल ही में दौरा किया। यह संस्थान मैन्युफैक्चरिंग, इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में आधुनिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए जाना जाता है।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा कि गुजरात महात्मा गांधी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पावन भूमि है, जिसने देश को विकास, नवाचार और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया है। उन्होंने छत्तीसगढ़ में भी ऐसे ही आधुनिक प्रशिक्षण संस्थानों के निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि युवा स्वरोजगार, तकनीकी ज्ञान और उद्योगों से जुड़ने के अवसर प्राप्त कर सकें।
मुख्यमंत्री ने NAMTECH कॉलेज में छात्रों से बातचीत की और उनकी परियोजनाओं, प्रयोगशालाओं और मशीनों पर काम करने के अनुभवों को जाना। उन्होंने आईटीआई कॉलेजों को स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, रोबोटिक्स और ऑटोमेशन जैसी नई तकनीकों से जोड़ने की योजना का भी उल्लेख किया।
कॉलेज प्रबंधन ने बताया कि गुजरात में उन्होंने एक नेटवर्क मॉडल विकसित किया है, जिससे छात्रों को नई तकनीक सिखाकर सीधे उद्योगों में काम करने के योग्य बनाया जा रहा है। इसी मॉडल को छत्तीसगढ़ में लागू करने की योजना है, जिससे हर साल लगभग 10,000 युवा आधुनिक उद्योगों और तकनीक में प्रशिक्षित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा, “युवा छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत हैं। हमारा लक्ष्य है कि वे आधुनिक तकनीक और नई सोच के साथ विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत 2047 के सपनों को साकार करें।”
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, सचिव राहुल भगत, उच्च शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के सचिव एस. भारतीदासन और अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
