रायगढ़ में अवैध शराब कारोबार का पर्दाफाश: बाड़ी से मिली 7 लीटर कच्ची महुआ शराब, युवक गिरफ्तार

रायगढ़: जिले की भूपदेवपुर थाना पुलिस ने शनिवार को अवैध शराब बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम कांशीचुआ में छापा मारा। कार्रवाई में एक युवक को गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने 7 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 59(क) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, थाना भूपदेवपुर के प्र.आर. जगदीश नायक अपने हमराह दल के साथ 8 नवंबर को देहात भ्रमण पर थे, तभी उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कांशीचुआ निवासी देवी प्रसाद खड़िया (29 वर्ष) अपने घर के पास की बाड़ी में अवैध शराब रखकर बिक्री कर रहा है।

सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। गवाहों की उपस्थिति में आरोपी के घर और बाड़ी की तलाशी ली गई, जहां से एक पीले रंग की जरीकेन में 5 लीटर शराब और दो बोतलों में 2 लीटर अतिरिक्त शराब बरामद हुई। इस प्रकार कुल 7 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 700 रुपये बताई गई है।

पूछताछ में आरोपी शराब बिक्री का कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और लिखित रूप से स्वीकार किया कि वह बिना अनुमति के शराब रख रहा था। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

थाना प्रभारी ने बताया कि यह कार्रवाई शासन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अवैध शराब विरोधी अभियान के तहत की गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार इस तरह की शिकायतें मिल रही हैं कि कुछ लोग कच्ची महुआ शराब बनाकर बेच रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य के साथ-साथ सामाजिक माहौल भी प्रभावित हो रहा है।

पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी बड़े अवैध नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं। ग्रामीणों से अपील की गई है कि यदि उनके आस-पास ऐसी गतिविधियां चल रही हों तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।

You missed