रायगढ़।
जिले के बड़े जामपाली गांव में शनिवार सुबह पानी विवाद को लेकर एक किसान और उसके बेटे पर गांव के ही तीन लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मामूली बहस से शुरू हुआ यह विवाद कुछ ही पलों में हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में पिता-पुत्र दोनों घायल हो गए। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खेत के बोरिंग के पानी से बढ़ा विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बड़े जामपाली निवासी एक किसान रोजाना की तरह सुबह अपने खेत पर गया था। 8 नवंबर 2025 की सुबह करीब 8:30 बजे उसने देखा कि गांव की निकासी का पानी उसके खेत में आ रहा है और उसके बोरिंग का पानी खेत में भरने लगा था। फसल पक चुकी थी, जिससे पानी बढ़ने पर नुकसान का खतरा था।
किसान ने गांव के मनोहर पटेल से अनुरोध किया कि उनके घर के बोर से पानी बहुत ज्यादा निकल रहा है, इसलिए कुछ देर के लिए उसे बंद कर दें। इसी बात पर मनोहर पटेल, उनके बेटे अश्वनी पटेल और गणपति पटेल भड़क गए और किसान से गाली-गलौज व धमकी देने लगे।
लाठी-डंडों से किया हमला
रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपियों ने कहा कि “हम पानी बंद नहीं करेंगे, गांव का पानी बह रहा है।” जब किसान ने दोबारा आग्रह किया तो तीनों ने मिलकर उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में किसान के बाएं हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं।
किसान की चीख सुनकर उसका बेटा प्रकाश नायक मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा, लेकिन आरोपियों ने उसे भी धक्का और मुक्कों से पीट दिया, जिससे उसके कंधे और पीठ में चोट आई।
ग्रामीणों ने बचाई जान
घटना को गांव के गौतम नायक, शेखर नायक और प्रेमशंकर नायक ने देखा और किसी तरह बीच-बचाव कर पिता-पुत्र को वहां से सुरक्षित निकाला। बाद में घायल किसान ने थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
किसान की शिकायत पर पुलिस ने मनोहर पटेल, अश्वनी पटेल और गणपति पटेल के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि घायलों को अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
