रायपुर: प्रदेश में नकली दवाओं का हड़कंप, कांग्रेस ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए

रायपुर: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। उनका आरोप है कि मरीजों को उचित इलाज नहीं मिल पा रहा, मेकाहारा जैसे अस्पताल में एक बेड पर दो प्रसूता बच्चों सहित लिटाई जा रही हैं, और सरकारी अस्पतालों में लगातार नकली दवाएं मिल रही हैं।

दीपक बैज ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल पर आरोप लगाया कि सरकार दबाव डालकर या लापरवाही करके अस्पतालों में नकली और गुणवत्ता विहीन दवाओं की सप्लाई होने दे रही है। उन्होंने पूरे मामले की तत्काल जांच और मंत्री को पद से हटाने की मांग की।

एसआईआर पर भाजपा पर निशाना

दीपक बैज ने कहा कि हाल ही में भाजपा की बैठक में यह निर्णय हुआ कि एसआईआर (मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण) पर किसी भी तरह की आलोचना या समाचार आने पर भाजपा के विधायक जवाब देंगे। कांग्रेस ने इसे चुनाव आयोग का काम बताते हुए भाजपा को सवाल किया कि क्या वह आयोग की प्रवक्ता बन गई है। उन्होंने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाताओं का सत्यापन होना चाहिए, न कि उन्हें परेशान करना।

महिला सहायता समूहों के साथ सरकार की कथित धोखाधड़ी

कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने महिला स्व सहायता समूहों को चुनाव में किए वादे के अनुसार पर्याप्त काम नहीं दिया। केवल कुछ जिलों में ही पायलट प्रोजेक्ट शुरू किए गए और बस्तर में गौठान और रीपा बंद होने से लाखों महिलाओं का काम प्रभावित हुआ।

किसानों के नुकसान और बेमौसम बारिश

दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश में हुई बेमौसम बारिश से किसानों की फसल बर्बाद हो गई है। कई जिलों में किसानों ने मुआवजे की मांग को लेकर आंदोलन किया। कांग्रेस लगातार किसानों के नुकसान का आंकलन कर मुआवजे की मांग कर रही है, लेकिन सरकार इस दिशा में कोई कदम नहीं उठा रही।