बड़ी खबर: मंत्री की टिप्पणी से आहत रक्तदाता ने लौटाया प्रशस्ति पत्र
“अभी भी तुम्हारा खून बहुत फड़फड़ा रहा है” — मंत्री के व्यंग्य से दुखी होकर किया फैसला
अंबिकापुर। राज्योत्सव समारोह के दौरान मंत्री रामविचार नेताम की एक टिप्पणी से आहत होकर एक वरिष्ठ रक्तदाता ने अपना प्रशस्ति पत्र लौटाने का निर्णय लिया है।जानकारी के अनुसार, भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी मेला शाखा सरगुजा से जुड़े एक नियमित रक्तदाता को 2 नवंबर 2025 को कलाकेंद्र मैदान में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम में सम्मानित किया गया था। इस दौरान मंत्री नेताम ने उन्हें सम्मान पत्र प्रदान करते हुए पूछा — “आपने क्या किया है?” जिस पर रक्तदाता ने बताया कि उन्होंने अब तक 49 बार रक्तदान किया है। इसके जवाब में मंत्री ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा — “अभी भी तुम्हारा खून बहुत फड़फड़ा रहा है।”
रक्तदाता ने कहा कि मंत्री की यह टिप्पणी असंवेदनशील और अपमानजनक थी, जिससे उन्हें गहरा मानसिक आघात पहुंचा। उन्होंने बताया कि सम्मान देने के नाम पर उनका मज़ाक उड़ाया गया, जिससे वे पूरी रात व्यथित रहे। परिवार और मित्रों से विचार-विमर्श के बाद उन्होंने समाजसेवा के क्षेत्र में मिले उस प्रशस्ति पत्र को वापस लौटाने का निर्णय लिया। रक्तदाता ने कहा कि रक्तदान एक निस्वार्थ मानव सेवा है और इस पर ऐसी टिप्पणी न केवल रक्तदाताओं का मनोबल गिराती है, बल्कि समाज में गलत संदेश भी देती है।

