जगदलपुर में CRPF जवानों ने लगाई फिट इंडिया फ्रीडम रन, एक भारत श्रेष्ठ भारत का संदेश
80 बटालियन केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल और आमजन ने दौड़ में लिया भाग, स्वस्थ्य जीवन और राष्ट्रीय एकता पर दिया जोर
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में शनिवार को 80 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम के तहत फ्रीडम रन का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का मार्गदर्शन पुलिस उप महानिरीक्षक (IPS) एस. अरुल कुमार ने किया, जबकि कमांडेंट जितेन्द्र कुमार ने दौड़ का नेतृत्व किया।
कार्यक्रम में CRPF अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, जवानों, साथ ही लालबाग फिटनेस एकेडमी के युवक-युवतियों और आम नागरिकों ने दौड़ में भाग लिया। दौड़ मुख्यालय 80 वीं वाहिनी से रेलवे स्टेशन जगदलपुर और वापसी तक आयोजित की गई।
कमांडेंट जितेन्द्र कुमार ने दौड़ के दौरान उपस्थित लोगों को भारत की एकता और महत्व के बारे में जानकारी दी और बताया कि यह पहल भारत सरकार द्वारा की गई अग्रणी कोशिश है। इसका उद्देश्य लोगों को एक-दूसरे से जोड़ना और एकता व सद्भावना को बढ़ावा देना है।
उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति अपनी दिनचर्या में दौड़, व्यायाम और योग को शामिल करके स्वस्थ्य रह सकता है। इससे न केवल घर और परिवार, बल्कि पूरा देश स्वस्थ्य रहेगा और बीमारियों से निजात पाने में मदद मिलेगी।
