बायसन की मौत मामले में बड़ी कार्रवाई: वनरक्षक निलंबित, विभाग ने शुरू की जांच

बायसन की मौत मामले में बड़ी कार्रवाई: वनरक्षक निलंबित, विभाग ने शुरू की जांच

अर्जुनी परिक्षेत्र में करेंट लगाकर बायसन के शिकार की घटना के बाद वन विभाग सख्त, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

बलौदाबाजार। अर्जुनी परिक्षेत्र में वन्यप्राणी गौर (बायसन) की करेंट लगाकर शिकार करने की घटना के बाद वन विभाग ने त्वरित एक्शन लेते हुए वनरक्षक प्रेमचंद धृतलहरे को निलंबित कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम घटना में लापरवाही बरतने और निगरानी में कमी के चलते उठाया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिलाड़ी परिसर के संरक्षित वन कक्ष क्रमांक 324 में 25 अक्टूबर को एक बायसन की करेंट लगाकर हत्या की गई थी। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध आरोपियों से पूछताछ शुरू की गई।

वनमण्डलाधिकारी गणवीर धम्मशील ने बताया कि घटना में प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर वनरक्षक को निलंबित किया गया है। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम-9 के अंतर्गत तत्काल प्रभाव से की गई है।

उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा इस पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और शिकार में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने आसपास के परिसरों में गश्त और निगरानी बढ़ा दी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। साथ ही, स्थानीय ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे वन्यजीवों की सुरक्षा में सहयोग करें और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें