बलरामपुर: CRPF जवान ने जहर खाकर की आत्महत्या की कोशिश, ससुरालवालों पर लगाया ब्लैकमेलिंग का आरोप

CRPF जवान ने जहर खाकर की आत्महत्या की कोशिश, ससुरालवालों पर लगाया ब्लैकमेलिंग का आरोप

जम्मू-कश्मीर में तैनात जवान ने ससुरालवालों पर पैसे और जान से मारने की धमकी देने का लगाया गंभीर आरोप, अस्पताल में इलाज जारी

बलरामपुर। जिले के ग्राम कुंदी कला निवासी और जम्मू-कश्मीर में तैनात CRPF 132 बटालियन के जवान राजाराम प्रजापति ने अपनी पत्नी और सास-ससुराल वालों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। जवान ने बताया कि उसके ससुराल वाले लगातार पैसे की मांग करते हैं और उसे मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना देते हैं।

प्रताड़ना से तंग आकर राजाराम ने अपनी जान देने की कोशिश की और जहर का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उन्हें अम्बिकापुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनकी स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।

राजाराम प्रजापति ने अपने वीडियो बयान में विस्तार से बताया कि किस तरह उनके ससुराल वाले उनसे पैसे की मांग करते थे और जान से मारने की धमकी देते थे। उन्होंने कहा कि यह लगातार मानसिक और आर्थिक दबाव उन्हें सहन नहीं हो रहा था।

जानकारी के अनुसार, राजाराम 2021 में CRPF में भर्ती हुए थे और वर्तमान में 132 बटालियन में तैनात हैं। उनका ससुराल बलरामपुर जिले के ग्राम अधौरा में स्थित है।

इस मामले में अम्बिकापुर पुलिस मणिपुर थाना क्षेत्र में जांच कर रही है और आरोपों की सत्यता और जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी हुई है।