जेपी नड्डा ने बिहार चुनाव को लेकर संगठन की अहम बैठक ली, रायपुर से MP बृजमोहन अग्रवाल भी हुए शामिल

जेपी नड्डा ने बिहार चुनाव को लेकर संगठन की अहम बैठक ली, रायपुर से MP बृजमोहन अग्रवाल भी हुए शामिल

चुनावी रणनीति, जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों पर हुई विस्तार से चर्चा — बृजमोहन बोले, “पूर्ण निष्ठा से बिहार को विकास के नए आयामों तक ले जाएंगे”

रायपुर/पटना। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संगठन की एक अहम बैठक ली, जिसमें छत्तीसगढ़ से सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी शामिल हुए।

बैठक में चुनावी रणनीति, संगठन की मजबूती, जनता से जुड़ाव और विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में शामिल होने के बाद सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि —

“बिहार में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जे.पी. नड्डा जी के नेतृत्व में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होकर चुनाव की तैयारियों, जनसमस्या समाधान और विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की। पूर्ण विश्वास है कि सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और एकजुटता के साथ पार्टी के सिद्धांतों को आगे बढ़ाएंगे और बिहार को विकास के नए आयामों तक ले जाएंगे।”

बिहार में जैसे-जैसे मतदान की तारीख करीब आ रही है, चुनावी हलचल तेज होती जा रही है। महागठबंधन और एनडीए दोनों ही मोर्चों के नेता राज्यभर में प्रचार अभियान में जुटे हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को समस्तीपुर और बेगूसराय में जनसभाओं को संबोधित करते हुए बीजेपी की विकास योजनाओं और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा।