धमतरी में दिल दहला देने वाली वारदात — पत्नी की हत्या के बाद पति ने की आत्महत्या, कमरे के अंदर मिला दोनों का शव!
हरदी गांव में घटा दर्दनाक हादसा, पुलिस ने किया मर्ग कायम — फॉरेंसिक और मोबाइल डिटेल्स से जोड़ी जा रही घटनाक्रम की कड़ियां
धमतरी। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम हरदी में सोमवार की रात एक दिल दहला देने वाली पारिवारिक त्रासदी सामने आई है। यहां पति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घटना 20 अक्टूबर 2025 की रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। ग्राम हरदी निवासी लक्ष्मी यादव (उम्र 20 वर्ष) अपने पति हितेश यादव (उम्र 22 वर्ष) के साथ घर के कमरे में सोने गई थी। अगली सुबह जब दोनों ने दरवाजा नहीं खोला तो परिजन चिंतित हो गए।
जेठ गितेश्वर यादव ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद सीढ़ी लगाकर वेंटिलेशन से झांकने पर देखा तो लक्ष्मी यादव का शव ज़मीन पर पड़ा था, जबकि हितेश यादव फांसी के फंदे पर झूल रहा था। तुरंत दरवाजा तोड़कर दोनों को नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
सूचना पर पुलिस चौकी करेलीबड़ी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि लक्ष्मी यादव की मौत गमछे से गला घोंटने से हुई है, जिसे हत्यात्मक प्रकृति का माना गया। इस आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 172/2025 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
वहीं, हितेश यादव की मौत फांसी लगाने से हुई, जिसे आत्महत्या प्रकृति का माना गया है। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराते हुए मर्ग कायम किया है।
पुलिस अब घटनास्थल के साक्ष्य, फॉरेंसिक रिपोर्ट और मोबाइल कॉल डिटेल्स के आधार पर पूरी घटना की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। एसपी धमतरी के निर्देशन में मगरलोड थाना और करेलीबड़ी चौकी की टीम मामले की गहराई से जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि घटना की हर पहलू की निष्पक्ष और वैज्ञानिक जांच की जाएगी ताकि सच्चाई सामने आ सके।
गांव में इस दर्दनाक घटना से शोक और सन्नाटा है। ग्रामीणों के अनुसार, यह जोड़ा कुछ महीनों पहले ही शादी के बंधन में बंधा था, लेकिन अब दोनों की मौत ने परिवार और गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।
