दीपावली की सजावट बनी मातम — झालर लाइट लगाते वक्त करंट से मजदूर की मौत, पुलिस जांच में लापरवाही के संकेत!
जांजगीर-चांपा के राज वस्त्रालय में हादसा, बिजली सुरक्षा मानकों का पालन नहीं — पुलिस ने शव जब्त कर शुरू की जांच
जांजगीर-चांपा। त्योहार की रौनक के बीच जांजगीर-चांपा में एक दर्दनाक हादसा हो गया। दीपावली की तैयारियों के दौरान झालर लाइट लगाते वक्त करंट की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। यह हादसा सोमवार को सदर बाजार स्थित राज वस्त्रालय दुकान में हुआ। मृतक की पहचान दुर्गेश महंत (निवासी केराझरिया, दुर्गा मंदिर के पास) के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकान में दीपावली की सजावट का कार्य चल रहा था। इसी दौरान बिजली का तार अचानक सक्रिय हो गया, जिससे दुर्गेश करंट की चपेट में आ गया। हादसे के बाद साथी मजदूरों ने उसे तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद दुकान संचालक और परिजन पुलिस को सूचना देने में हिचकिचा रहे थे और शव को बिना पोस्टमार्टम दफनाने की तैयारी कर ली थी। इस बीच किसी ने चांपा पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीडीएम अस्पताल भेजा।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि हादसे के दौरान बिजली सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया था।
चांपा थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। यदि जांच में लापरवाही की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद बाजार क्षेत्र में शोक का माहौल है। दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं, और लोग सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सवाल उठा रहे हैं।
