तलाक की लड़ाई के बीच व्यापारी की रहस्यमयी मौत… कार के पास मिला जहर का डिब्बा, गांव में फैली सनसनी

तलाक की लड़ाई के बीच व्यापारी की रहस्यमयी मौत… कार के पास मिला जहर का डिब्बा, गांव में फैली सनसनी

बालोद में संदिग्ध हालात में मिला व्यापारी का शव — तलाक का केस चल रहा था, कार के भीतर बरामद हुआ कीटनाशक

बालोद। जिले के चौरेल गांव से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां एक व्यापारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान अर्जुन्दा निवासी डगेश्वर उर्फ पप्पू देवांगन (45 वर्ष) के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह जब लोगों ने सड़क किनारे उनकी इलेक्ट्रिक कार खड़ी देखी, तो पास जाकर देखा तो वह मृत अवस्था में पड़े थे।

घटनास्थल से कीटनाशक का डिब्बा बरामद हुआ है, जिससे आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। अर्जुन्दा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार, पप्पू देवांगन जिले में कृषि व्यवसाय से जुड़े एक जाने-माने व्यापारी थे। उनकी अर्जुन्दा, नुकुम और डौंडीलोहारा में कृषि केंद्र की दुकानें थीं। पिछले तीन वर्षों से उनका अपनी पत्नी से तलाक का मामला कोर्ट में लंबित था।

दिवाली के दिन सुबह वह घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। सुबह ग्रामीणों ने उनका शव देखकर पुलिस को सूचना दी। घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस के अनुसार, मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और सटीक कारणों का पता रिपोर्ट आने के बाद चलेगा।

उधर, परिवार में मातम का माहौल है। 9 साल की मासूम बेटी अपने पिता की मौत की खबर सुनकर बेसुध हो गई।