दिवाली की खुशियां बनी खून में लथपथ… पत्नी से झगड़े के बाद युवक ने खुद पर चलाया चाकू, अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग
शराब के नशे में पत्नी से विवाद के बाद युवक ने खुद को किया लहूलुहान — सिटी कोतवाली पुलिस जांच में जुटी
बिलासपुर। दिवाली की रौशनी के बीच एक घर में खून और अफरातफरी का सन्नाटा फैल गया, जब एक युवक ने अपनी ही छाती और पेट में चाकू घोंप लिया। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है, जहां शराब के नशे में पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े ने एक खौफनाक मोड़ ले लिया।
जानकारी के अनुसार, सरजू बगीचा निवासी मुकेश सारथी अपनी पत्नी मंजू और दो बच्चों के साथ रहता है। सोमवार को वह दिवाली पर्व के दिन शराब पीकर घर पहुंचा। पत्नी ने उसे त्योहार के दिन शराब पीने से मना किया, जिस पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। गुस्से और नशे में बेकाबू मुकेश ने अचानक चाकू उठाकर खुद पर वार कर लिया।
देखते ही देखते वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों और उसके बड़े भाई दुर्गेश साहू ने तुरंत उसे सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
दुर्गेश ने बताया कि उसका भाई मुकेश लंबे समय से शराब पीने का आदी है और अक्सर नशे में परिवार से झगड़ा करता है। पुलिस को घटना की सूचना दी गई है। सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
💔 दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं, मोहल्ले में इस घटना के बाद सन्नाटा पसरा हुआ है।
