दिवाली की सुबह बन गई सदा के लिए अंधियारी… पूर्व महिला पार्षद राखी साव की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत!
जगदलपुर में लौटते वक्त अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौके पर ही खत्म हो गई जिंदगी — CCTV फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर मुख्यालय जगदलपुर से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है। प्रतापदेव वार्ड की पूर्व महिला पार्षद राखी साव की सड़क हादसे में मौत हो गई। दिवाली के दूसरे दिन सुबह जब राखी मेडिकल कॉलेज से अपने घर लौट रही थीं, तभी एक अज्ञात वाहन ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह हादसा परपा थाना क्षेत्र में हुआ। जानकारी के अनुसार, राखी साव वर्ष 2015 में नगर निगम चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में उतरी थीं और जीत हासिल कर पार्षद बनी थीं। करीब डेढ़ साल तक उन्होंने सक्रिय रूप से क्षेत्र की सेवा की। बाद में मेडिकल कॉलेज में नौकरी मिलने के बाद उन्होंने पार्षद पद से इस्तीफा दे दिया था और वर्तमान में वहीं कार्यरत थीं।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल लाया गया। दिवाली के जश्न के बीच राखी साव की अचानक मौत ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया है। परिवार और परिचितों में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल वाहन की अभी पहचान नहीं हो सकी है। CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और फरार चालक की तलाश जारी है।
