औद्योगिक संपत्ति बिक्री में 64 लाख की धोखाधड़ी — पिता-पुत्र पर एफआईआर दर्ज

औद्योगिक संपत्ति बिक्री में 64 लाख की धोखाधड़ी — पिता-पुत्र पर एफआईआर दर्ज

जमीन बेचने का सौदा कर रकम लेने के बाद नामांतरण से किया इनकार, पुलिस ने की कार्रवाई

राजनांदगांव।
औद्योगिक संपत्ति की बिक्री के नाम पर 64 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। प्रार्थी की शिकायत पर घुमका पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

पुलिस के अनुसार, रायपुर निवासी निर्मल पारख ने शिकायत दर्ज कराई कि किशोर कुमार बैद और उनके बेटे प्रशांत बैद ने मेसर्स केएसवाई रिजन कंपनी की संपत्ति बेचने का झांसा दिया था।

किशोर कुमार बैद ने अपनी कंपनी की वित्तीय स्थिति कमजोर होने और बैंक ऋण की कुर्की की कार्रवाई शुरू होने की बात कहकर ग्राम बरबसपुर स्थित भूमि, प्लांट, मशीनरी और स्ट्रक्चर सहित पूरी संपत्ति 60 लाख रुपये में बेचने का प्रस्ताव दिया था। बाद में दोनों पक्षों के बीच 64 लाख 64 हजार रुपये में सौदा तय हुआ।

प्रार्थी निर्मल पारख ने तय राशि विभिन्न माध्यमों से भुगतान किया और बैंक का ऋण भी चुकाया। इसके बावजूद आरोपियों ने जमीन का नामांतरण करने से इंकार कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र पर आपराधिक प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।