शमशान घाट में जुआ! मोमबत्ती की रोशनी में लग रहा था दांव — पुलिस ने सात खिलाड़ियों को रंगे हाथों पकड़ा
दीपावली से पहले बलौदाबाजार पुलिस की सख्त कार्रवाई, नगद रुपए और ताश पत्तियां जब्त
बलौदाबाजार।
शमशान घाट के सन्नाटे में जुए का अड्डा चल रहा था, जहां मोमबत्ती की टिमटिमाती रोशनी में सात लोग पैसे का दांव लगा रहे थे। लेकिन यह खेल ज्यादा देर नहीं चल सका — पुलिस की रेड में सभी आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस चौकी करहीबाजार की टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम खजूरी के शमशान घाट के पास कुछ लोग “काट पत्ती” नामक जुआ खेल रहे हैं। चौकी प्रभारी के निर्देश पर आरक्षक ओलेस कोसले और उप निरीक्षक राजकुमार डहरिया की अगुवाई में टीम ने मौके पर छापा मार कार्रवाई की।
पुलिस ने मौके से कुल 7,500 रुपए नगद, 57 ताश की पत्तियां, मोमबत्ती, और एक प्लास्टिक बोरी बरामद की। गिरफ्तार आरोपियों में सुरज डहरिया, सेवक राम पटेल, हेमंत सेवकर, अजय कुमार यादव, हिराचंद यादव, तुलसी दास सोनवानी और विष्णु सेवकर शामिल हैं — ये सभी खजूरी और आसपास के गांवों के निवासी हैं।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ राज्य जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) और धारा 13 के तहत की गई है। मामला जमानती होने पर सभी आरोपियों को जमानत मुचलका पर रिहा किया गया।
अधिकारियों का कहना है कि दीपावली के मौके पर अवैध जुआ गतिविधियों पर सख्त निगरानी जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध जुआ या अपराध की सूचना तुरंत थाने या चौकी को दें, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे और त्योहार सुरक्षित माहौल में मनाया जा सके।
