कलेक्ट्रेट के सामने मौत की टक्कर! तेज रफ्तार ट्रक ने एक्टिवा को रौंदा, मौके पर दो की दर्दनाक मौत!
दुर्ग पटेल चौक पर देर रात हुआ भीषण हादसा — एक घायल अस्पताल में भर्ती, ट्रक की नंबर प्लेट से पुलिस जांच में जुटी
भिलाई। दुर्ग जिले के पटेल चौक कलेक्ट्रेट के सामने बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। हादसे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। मृतकों की पहचान सलमा (25 वर्ष) और खिलेश्वर साहू के रूप में की गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों लोग गंजपारा रोड से एक्टिवा क्रमांक वाहन में सवार होकर आ रहे थे, तभी सामने से आ रहे एक छह चक्का ट्रक (CG 07 CY 5899) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक्टिवा दूर तक घिसटती चली गई और मौके पर ही सलमा और खिलेश्वर की मौत हो गई।
वहीं, गंभीर रूप से घायल कुमोदनी गोड़ को तत्काल पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इसी स्थान पर कुछ महीने पहले भी एक कार और स्कॉर्पियो की टक्कर में कई लोग घायल हुए थे, लेकिन हादसों से प्रशासन ने कोई सबक नहीं लिया।
फिलहाल, पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश में जुट गई है। हादसे के बाद इलाके में आक्रोश और भय का माहौल है।
