“खेत में मौत का जाल!” अधिकारी की लाश तारों में फंसी मिली — करंट से झुलसे शरीर ने खोला दर्दनाक राज़!

“खेत में मौत का जाल!” अधिकारी की लाश तारों में फंसी मिली — करंट से झुलसे शरीर ने खोला दर्दनाक राज़!

रायगढ़ में कृषि विस्तार अधिकारी की संदिग्ध मौत, जंगली सूअर के लिए बिछाए करंट वाले तार ने ली जान — पुलिस ने दर्ज किया मामला

रायगढ़। जिले के खम्हार गांव से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां कृषि विस्तार अधिकारी की खेत में करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अधिकारी देर रात खेत देखने गया था और जंगली सूअर को फंसाने के लिए बिछाए गए बिजली के तार की चपेट में आ गया।

मृतक की पहचान लाल कुमार साहू (40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ग्राम खम्हार निवासी और वर्तमान में गुड़ुबाहाल बहमा में कृषि विस्तार अधिकारी के पद पर पदस्थ थे।
जानकारी के अनुसार, रविवार की रात लाल कुमार अपने भेलवाटोली स्थित खेत में गए थे। काम निपटाने के बाद वे घर लौट आए, लेकिन रात करीब 9 बजे दोबारा खेत की ओर निकल पड़े। कुछ देर बाद जब वे वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने खोजबीन की और खेत पहुंचकर उनका शव बिजली के तार में उलझा हुआ पाया।

पुलिस जांच में सामने आया कि किसी व्यक्ति ने जंगली सूअर को मारने के लिए खेत में करंट प्रवाहित तार बिछाया था। उसी की चपेट में आने से अधिकारी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

लैलूंगा थाना प्रभारी रोहित बंजारे ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और वैधानिक जांच जारी है। वहीं, इस घटना से पूरे गांव और अधिकारी के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

⚠️ खेतों में जंगली जानवरों से बचाव के लिए बिजली के तार बिछाने का यह खतरनाक चलन अब इंसानों की जान लेने लगा है। पुलिस ने ग्रामीणों को चेतावनी दी है कि इस तरह का अवैध करंट ट्रैप लगाना दंडनीय अपराध है।