सीएम साय का सख्त फरमान: तीन जिलों के SP पर गिरी गाज, जल्द जारी होगी ट्रांसफर लिस्ट!

सीएम साय का सख्त फरमान: तीन जिलों के SP पर गिरी गाज, जल्द जारी होगी ट्रांसफर लिस्ट!

महासमुंद, धमतरी और राजनांदगांव में बढ़ते अपराधों पर सीएम ने जताई तीखी नाराजगी — कहा, “लापरवाही बर्दाश्त नहीं!”

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पुलिस महकमे में जल्द ही बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है। मंत्रालय में आयोजित एसपी कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति पर गहरी नाराजगी जताई। मुख्यमंत्री का सख्त रुख देखकर अधिकारियों में हलचल मच गई है। बताया जा रहा है कि तीन जिलों — महासमुंद, धमतरी और राजनांदगांव — के पुलिस अधीक्षकों (SP) पर सीएम ने विशेष तौर पर नाराजगी जाहिर की है।

सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि अपराधों की बढ़ती घटनाओं और पुलिस की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने तीनों जिलों के एसपी को अपनी कार्यशैली में तुरंत सुधार लाने के सख्त निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में एसपी ट्रांसफर लिस्ट जारी हो सकती है, जिसमें कई बड़े नामों पर कार्रवाई संभव है।

कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री साय ने नशाखोरी पर कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को राज्यभर में जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाए और समाज में जिम्मेदारी की भावना विकसित की जाए।

सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए सीएम ने कहा कि सड़क सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन हो। उन्होंने निर्देश दिया कि हेलमेट और सीट बेल्ट न पहनने, नशे में वाहन चलाने जैसे मामलों में किसी तरह की ढिलाई न बरती जाए। साथ ही, सभी जिलों में ब्लैक स्पॉट की पहचान कर सुधार कार्य जल्द पूरा करने को कहा गया है, ताकि हादसों में कमी लाई जा सके।

सीएम साय ने कहा, “कानून-व्यवस्था, जन सुरक्षा और सामाजिक समस्याओं से निपटने के लिए प्रशासन और पुलिस दोनों का संयुक्त प्रयास जरूरी है। जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई करें और जनता को नतीजे दिखने चाहिए।”

🔺 सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री की नाराजगी के बाद अब कई जिलों में पुलिस अफसरों के तबादले तय माने जा रहे हैं।