बलरामपुर में 16 वर्षीय किशोरी का शव कुएं में मिला, सुसाइड या हत्या? जांच जारी

बलरामपुर में 16 वर्षीय किशोरी का शव कुएं में मिला, सुसाइड या हत्या? जांच जारी

कुसमी थाना क्षेत्र में नीलम यादव की मौत से गांव में सनसनी, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव और मामले की गहन जांच शुरू की।

बलरामपुर। कुसमी थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 5 में शुक्रवार की सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। 16 वर्षीय नीलम यादव का शव गांव के एक पुराने कुएं में तैरता हुआ पाया गया। मृतका स्थानीय स्कूल में पढ़ाई करती थी।

ग्रामीणों ने सुबह कुएं के पास स्कूल यूनिफॉर्म जैसी चीज़ें देखीं और पास जाकर देखा कि कुएं में शव तैर रहा है। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। कुसमी थाने की टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नीलम पिछले शाम से घर से लापता थी, लेकिन परिवार को लगा कि वह पड़ोस में गई होगी। फिलहाल पुलिस इस मामले को आत्महत्या के रूप में देख रही है, हालांकि सुसाइड नोट नहीं मिला है।

थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों से पूछताछ की जा रही है और स्कूल व सहेलियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस नीलम के पारिवारिक पृष्ठभूमि और हालात की जांच कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

मामले की जांच जारी है और कोई भी फैसला पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के मिलने के बाद ही लिया जाएगा।