मुख्यमंत्री बनने का एक दिन का मजाक?” टीएस सिंहदेव ने अजय चंद्राकर के बयान पर तोड़ी चुप्पी

मुख्यमंत्री बनने का एक दिन का मजाक?” टीएस सिंहदेव ने अजय चंद्राकर के बयान पर तोड़ी चुप्पी

भाजपा नेता अजय चंद्राकर के बयान ने मचाई हलचल, पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा—“हंसी-ठिठोली में कही गई बात, कभी मुख्यमंत्री नहीं बनना चाहूंगा।”

रायपुर। भाजपा के वरिष्ठ नेता अजय चंद्राकर के बयान “अगर सिंहदेव को मुख्यमंत्री बनने की इतनी हसरत है, तो उन्हें एक दिन के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की कुर्सी पर बैठाकर सम्मानित कर देंगे” ने चंद घंटों में पूरे प्रदेश में हलचल मचा दी।

इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसे अलोकतांत्रिक करार दिया। उन्होंने कहा कि “जाते-जाते एक दिन के लिए मुख्यमंत्री बना देने का क्या मतलब है? क्या विष्णुदेव साय को उठा कर बिठा सकते हो? यह संविधान की अनदेखी है।”

वहीं पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने अजय चंद्राकर के बयान को हंसी-ठिठोली में कही गई बात बताया। सिंहदेव ने कहा, “मैं कभी एक दिन का मुख्यमंत्री नहीं बनना चाहूंगा। अजय चंद्राकर गवर्नर से बात कर रहे हैं। अगर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का इस्तीफा होता है और अजय चंद्राकर कहेंगे तो उनके लिए मुख्यमंत्री बन सकता हूं, लेकिन यह सिर्फ मजाक में कहा गया।”

राजनीतिक गलियारों में यह बयान चर्चा का विषय बन गया है और इसे लेकर विपक्ष और मीडिया में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।