डोंगरगढ़ में बच्चे की बहादुरी से बची बड़ी वारदात! दो संदिग्ध गिरफ्तार

डोंगरगढ़ में बच्चे की बहादुरी से बची बड़ी वारदात! दो संदिग्ध गिरफ्तार

10 वर्षीय मनीष लहरे पर किया गया अगवा करने का प्रयास, मासूम ने हिम्मत दिखाई और मोहल्लेवालों की मदद से पकड़े गए आरोपी।

डोंगरगढ़। धर्मनगरी नगरी डोंगरगढ़ में शनिवार सुबह वार्ड नंबर 22 में दो संदिग्ध युवकों द्वारा एक दस वर्षीय बच्चे को अगवा करने की कोशिश ने पूरे मोहल्ले को दहशत में डाल दिया।

घटना के समय मनीष लहरे अपने घर के बाहर खेल रहा था। तभी दो अजनबी युवक काले और सफेद कपड़े पहने हाथ में चादर लिए वहां पहुंचे। उन्होंने पहले मासूम के सामने चादर फैलाकर भीख मांगी। मनीष ने उन्हें देखा, लेकिन चुप रहा। इसके बाद दोनों ने अचानक मनीष को पकड़ लिया और उसका मुंह दबाकर भागने लगे।

लेकिन मासूम ने हिम्मत नहीं हारी और पूरी ताकत से खुद को छुड़ाया। घर पहुंचकर उसने अपने पिता और मोहल्लेवालों को सारी घटना बताई। इस पर मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई और लोग संदिग्धों की खोज में निकल पड़े।

करीब दो घंटे बाद, ग्राम चौथना के आगे जंगल की ओर भागते दोनों युवकों को मोहल्लेवाले घेराबंदी कर पकड़ने में सफल रहे। भीड़ ने आरोपियों को पहले जमकर पीटा और फिर 112 पुलिस को बुलाकर उन्हें हिरासत में दिया।

पुलिस ने आरोपियों की पहचान महाराष्ट्र के सालेकसा क्षेत्र के निवासी के रूप में की है। पूछताछ जारी है और संभावित अन्य साजिशों की जांच की जा रही है।