अंबिकापुर: सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। गांधीनगर थाना क्षेत्र के चोपड़ापारा स्थित श्री कृपा फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर कार्यरत युवती कर्मचारी भारती टोप्पो को एक युवक ने दिनदहाड़े चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया।
वारदात ऐसे हुई
पुलिस के अनुसार, दोपहर में जब भारती टोप्पो पेट्रोल भरने का काम कर रही थी, तभी आरोपी जोगेंद्र पैकरा वहां पहुंचा। अचानक उसने भारती पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन इस दौरान स्थानीय लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए उसका पीछा किया। झड़प में कुछ लोग घायल भी हुए, लेकिन भीड़ ने आखिरकार आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस जांच
गांधीनगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में इस मामले की जड़ें पुराने प्रेम-प्रसंग से जुड़ी बताई जा रही हैं। घटना का सीसीटीवी फुटेज पुलिस के हाथ लग चुका है और इसके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
दहशत का माहौल
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने स्थानीय लोगों को हिलाकर रख दिया है। लोग अब भी सदमे में हैं और इलाके में डर का माहौल बना हुआ है।
