महिला 8.40 लाख नकदी और नशीली दवाओं के साथ गिरफ्तार, पति फरार

रायगढ़। जिले में नशे के कारोबार पर नकेल कसने पुलिस की मुहिम को बड़ी सफलता मिली है। लैलूंगा पुलिस ने देर रात दुर्गापुर लारीपानी में दबिश देकर एक महिला को नशीली दवाओं की अवैध सप्लाई के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के घर से भारी मात्रा में नशीली दवाएं और 8.40 लाख रुपये नगद जब्त किए हैं। वहीं महिला का पति फरार बताया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन पर चल रहे अभियान के तहत लैलूंगा थाना प्रभारी रोहित बंजारे के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने धनुर्जय यादव के मकान की घेराबंदी की, लेकिन वह मौके से फरार हो गया। घर पर उसकी पत्नी तिलोत्तमा यादव (25 वर्ष) मिली।

तलाशी के दौरान भारी मात्रा में नशीली दवाएं और नगदी बरामद हुई। पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि वह अपने पति के साथ मिलकर नशीली दवाओं की बिक्री करती थी। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में जब्ती कार्रवाई की और महिला को गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले में अपराध क्रमांक 260/2025 धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत तिलोत्तमा यादव और उसके पति धनुर्जय यादव के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। फिलहाल धनुर्जय यादव की तलाश की जा रही है।