रायगढ़ में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी की बाइक बेचने से पहले ही युवक धराया
जूटमिल पुलिस की सतर्कता, 90 हजार की बाइक बरामद – आरोपी जेल भेजा गया
रायगढ़। जूटमिल थाना पुलिस ने सोमवार को चोरी की बाइक बेचने की फिराक में ग्राहक तलाश रहे एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से करीब 90 हजार रुपये कीमत की बाइक बरामद की गई है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी प्रशांत राव के नेतृत्व में हुई।
मुखबिर की सूचना पर दबिश
पुलिस को सूचना मिली थी कि सारंगढ़ बस स्टैंड मटन मार्केट जूटमिल क्षेत्र में एक युवक चोरी की बाइक बेचने ग्राहक ढूंढ रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर दबिश दी और आरोपी को धर दबोचा।
आरोपी की पहचान और खुलासा
गिरफ्तार युवक की पहचान भावेश चौहान (28 वर्ष), निवासी बोरोडीपा थाना पुसौर, हाल किराया मकान टीवी टावर रोड रायगढ़, के रूप में हुई। पूछताछ में उसने कबूल किया कि 22 सितंबर को कोडातराई स्थित केडिया ट्रेडर्स पेट्रोल पंप के पास से उसने बाइक चोरी की थी।
बाइक बरामद, मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल (क्रमांक सीजी 13 एडब्ल्यू 1639) बरामद कर ली। बरामदगी के बाद बाइक की कीमत 90 हजार रुपये आंकी गई। इस मामले में बाइक मालिक रुकमन कुमार सारथी की शिकायत पर पहले से अपराध दर्ज था।
जेल की राह पर आरोपी
आरोपी भावेश चौहान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। जूटमिल पुलिस की यह कार्रवाई वाहन चोरी की वारदातों पर रोकथाम और अपराधियों को सख्त संदेश देने का उदाहरण मानी जा रही है।
