अंबिकापुर। सरगुजा जिले के प्रख्यात चिकित्सक डॉ. अभिजीत जैन से सेकेंड हैंड मर्सिडीज कार दिलाने का झांसा देकर 48 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने मुंबई से दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी का नाम जैद जाफर खान (28 वर्ष) है, जो कांदिवली (ईस्ट), मुंबई का रहने वाला और पुरानी कारों का डीलर है।
कैसे हुई ठगी?
-
अगस्त 2020 में आरोपी ने पहली किश्त के तौर पर 14.50 लाख रुपये नकद लिए।
-
अधूरे दस्तावेज का बहाना बनाकर दूसरी कार ड्राइवर के माध्यम से भेज दी और शेष रकम देने का दबाव बनाया।
-
डॉ. जैन ने भरोसा कर 17.50 लाख रुपये और सौंप दिए।
-
इसके बाद आरोपी ने फिर से 11 लाख रुपये खाते में ट्रांसफर कराए।
-
फरवरी 2021 में वह अंबिकापुर आया और पहले से भेजी गई कार वापस लेते हुए 5 लाख रुपये नकद भी ले गया।
-
बार-बार आश्वासन देने के बाद भी वांछित कार कभी उपलब्ध नहीं कराई।
शिकायत और गिरफ्तारी
लगातार टालमटोल से परेशान होकर डॉक्टर ने 29 जुलाई 2024 को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। आरोपी पर धारा 420 और 34 आईपीसी के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। कोतवाली पुलिस ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर मुंबई के कांदिवली से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की कार्रवाई
थाना प्रभारी मनीष सिंह परिहार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी पेशेवर ठग है और उसके खिलाफ अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।
