धरसीवा: सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र के फेस वन में स्थित टायर जलाकर ऑयल बनाने वाली फैक्ट्री में आज सुबह भीषण आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि आसमान में दो-तीन किलोमीटर तक धुआं नजर आया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
करीब आधा दर्जन दमकल की गाड़ियां आग बुझाने में लगी हैं, लेकिन आग बार-बार भड़क रही है। फैक्ट्री में काम करने वाले श्रमिकों के मुताबिक, यहां कोई फायर सुरक्षा सिस्टम नहीं है और पानी डालकर भी आग को काबू में लाना मुश्किल हो रहा है।
खास चिंता की बात यह है कि फैक्ट्री के पीछे सड़क के दूसरी ओर आईओसी का गैस रिफिलिंग प्लांट भी स्थित है। यहां घरेलू और वाणिज्यिक सिलेंडरों में गैस भरी जाती है। विशेषज्ञों का कहना है कि इतनी पास-पास ऐसी फैक्ट्री का होना बेहद जोखिम भरा है।
इस क्षेत्र में टायर जलाकर ऑयल बनाने वाली करीब आधा दर्जन फैक्ट्रियां हैं, जिनकी वजह से आसपास के दर्जनभर गांवों में लोगों को सांस लेने में भी परेशानी हो रही है। फैक्ट्री की इस अव्यवस्था और आग की भयावहता ने स्थानीय प्रशासन की भी नींद उड़ा दी है।
