जनदर्शन में छलका दर्द तो पसीजा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का दिल, 30 साल बाद बुजुर्ग ने सुनी साफ आवाज, कैंसर पीड़ित पिता की बेटी को भी मिला मदद का भरोसा

 

रायपुर, 26 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित जनदर्शन में गुरुवार को कई ऐसी दर्दभरी कहानियां सामने आईं, जिन्हें सुनकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तत्काल मदद की पहल की। कोई अपने बच्चे के इलाज के लिए दर-दर भटक रहा था, तो किसी परिवार की पूरी जमा पूंजी बीमारी के इलाज में खत्म हो चुकी थी। किसी बुजुर्ग को तीन दशक से ठीक से सुनाई नहीं दे रहा था, तो किसी बेटी के सामने पिता को खोने के बाद अपनी पढ़ाई जारी रखने का संकट खड़ा हो गया था।

जनदर्शन में पहुंचे इन जरूरतमंदों की समस्याएं सुनकर मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाई और कई मामलों में मौके पर ही आर्थिक सहायता स्वीकृत की। वहीं गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों के उपचार के लिए अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनके आवेदनों पर प्राथमिकता से कार्रवाई हो।

30 साल बाद बुजुर्ग के कानों तक पहुंची साफ आवाज, श्रवण यंत्र पाकर खिले चेहरे

जनदर्शन में सबसे भावुक कर देने वाला पल उस समय आया, जब कोरबा जिले के कटघोरा विकासखंड के भलपहरी, हरदी बाजार निवासी 83 वर्षीय परसराम राठौर को मुख्यमंत्री ने श्रवण यंत्र प्रदान किया। परसराम पिछले करीब 30 वर्षों से कम सुनाई देने की समस्या से परेशान थे। उम्र बढ़ने के साथ उनकी परेशानी भी बढ़ती जा रही थी और रोजमर्रा के कामकाज में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।

अपने बेटे के साथ जनदर्शन में पहुंचे परसराम ने मुख्यमंत्री को अपनी समस्या बताई। उनकी परेशानी जानकर मुख्यमंत्री ने तत्काल श्रवण यंत्र उपलब्ध कराया। यंत्र मिलने के बाद बुजुर्ग वर्षों बाद साफ आवाजें सुन सके। इतना ही नहीं, बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री को पता चला कि उन्हें आंखों से देखने में भी परेशानी है। इस पर उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आंखों की जांच कराकर चश्मा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसी दौरान भाटापारा निवासी बलवंत सिंह यादव को भी मुख्यमंत्री ने श्रवण यंत्र प्रदान किया।

कैंसर से पिता को खोया, इलाज में खत्म हुई जमा पूंजी, अब बेटी की पढ़ाई का संकट

जशपुर से अपनी मां के साथ जनदर्शन में पहुंची फरहीन की कहानी ने भी मुख्यमंत्री का ध्यान खींचा। फरहीन ने बताया कि उनके पिता वर्ष 2018 से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। लंबे समय तक चले इलाज में परिवार की पूरी जमा पूंजी खर्च हो गई। परिवार ने अपने पिता को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया, लेकिन वर्ष 2025 में उनका निधन हो गया।

पिता की मौत के बाद परिवार पर आर्थिक संकट और गहरा गया। हालात ऐसे बन गए कि घर तक गिरवी रखने की नौबत आ गई। परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण फरहीन के सामने अपनी पढ़ाई जारी रखना भी बड़ी चुनौती बन गया है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फरहीन की पूरी आपबीती गंभीरता और आत्मीयता से सुनी। उन्होंने उसे ढांढस बंधाया और पढ़ाई बीच में नहीं छोड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही उसकी शिक्षा जारी रखने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

तीन साल के पार्थ की आंखों का होगा इलाज, लाखों के खर्च से परेशान थी मां

राजनांदगांव से अपने तीन वर्षीय बेटे पार्थ साहू को लेकर पहुंची पूर्णिमा साहू ने भी मुख्यमंत्री के सामने अपनी परेशानी रखी। उन्होंने बताया कि पार्थ का जन्म समय से पहले हुआ था, जिसके कारण उसे करीब दो महीने तक अस्पताल में भर्ती रखना पड़ा था। अब तीन साल की उम्र में भी वह शारीरिक रूप से कमजोर है।

पार्थ को मोतियाबिंद की समस्या है। चिकित्सकों ने आंखों में लेंस प्रत्यारोपण की सलाह दी है, लेकिन इस उपचार पर लाखों रुपये खर्च होने की बात सामने आने के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया।

मां की परेशानी सुनकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पार्थ के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आर्थिक तंगी उसके इलाज में बाधा न बने।

पत्नी का निधन, दो बच्चों की जिम्मेदारी और छोटे बेटे के ऑपरेशन का खर्च बना मुसीबत

रायपुर के आमानाका क्षेत्र के कुकुरबेड़ा निवासी अमित कोटांगले भी अपनी बुजुर्ग मां हिरकना बाई कोटांगले के साथ छह वर्षीय बेटे छयांश के इलाज की गुहार लेकर जनदर्शन में पहुंचे।

अमित ने बताया कि उनके दोनों बच्चों को जन्म से ही चलने-फिरने में परेशानी है। बड़े बेटे का ऑपरेशन उन्होंने काफी मुश्किलों के बीच कराया था, जिसके बाद अब वह स्वस्थ है। लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण छह वर्षीय छोटे बेटे छयांश का ऑपरेशन कराना उनके लिए संभव नहीं हो पा रहा है।

परिवार की मुश्किलें यहीं खत्म नहीं होतीं। पत्नी के निधन के बाद अमित अपनी बुजुर्ग मां और बहन के सहयोग से दोनों बच्चों की परवरिश कर रहे हैं। उनकी आर्थिक और पारिवारिक परिस्थितियों को समझते हुए मुख्यमंत्री ने छयांश के तत्काल उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, जरूरतमंदों को न लगाना पड़े सरकारी दफ्तरों के चक्कर

जनदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से आए नागरिकों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करने और जरूरतमंदों को समय पर राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का निराकरण संवेदनशीलता और तत्परता के साथ किया जाना चाहिए। ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए, जिससे किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े।

जनदर्शन में सामने आई इन कहानियों ने एक बार फिर यह दिखाया कि आर्थिक तंगी और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे परिवारों के लिए समय पर सरकारी मदद कितनी महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने मौके पर ही पहल कर कई जरूरतमंदों को राहत का भरोसा दिया और अधिकारियों को उनके मामलों में तत्काल कार्रवाई करने की जिम्मेदारी सौंपी।

You missed