मुक्तिबोध की रचनाओं में आज के समाज का आईना! होलीक्रॉस कॉलेज में साहित्यकारों ने समकालीन यथार्थ पर की चर्चा

अंबिकापुर। हिंदी साहित्य के महत्वपूर्ण कवि, कथाकार और विचारक गजानन माधव मुक्तिबोध की रचनाएं आज भी समाज की सच्चाइयों और अंतर्विरोधों को समझने का मजबूत माध्यम बनी हुई हैं। उनकी वैचारिक प्रतिबद्धता और साहित्यिक दृष्टि को याद करते हुए होलीक्रॉस वीमेंस कॉलेज, अंबिकापुर में 13 नवंबर 2026 को एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। हिंदी विभाग एवं अध्ययन एवं शोध केंद्र की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम को ‘मुक्तिबोध स्मरण’ नाम दिया गया। सेमिनार का विषय ‘मुक्तिबोध का रचनात्मक संसार और समकालीन यथार्थ’ रहा, जिसमें वक्ताओं ने मुक्तिबोध के साहित्य की वर्तमान समय में प्रासंगिकता पर विस्तार से विचार रखे।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. (सि.) शांता जोसेफ ने की। मुख्य वक्ता महेश वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि समकालीन यथार्थ की जटिल चुनौतियों के बीच साहित्य समाज में बदलाव की संभावनाओं के लिए नए रास्ते खोलता है। उन्होंने मुक्तिबोध की रचनाओं में मौजूद वैचारिक गहराई, जीवन-दृष्टि और सामाजिक अंतर्विरोधों का विश्लेषण करते हुए बताया कि आखिर आज के दौर में भी मुक्तिबोध इतने प्रासंगिक क्यों हैं। उनका वक्तव्य छात्राओं के लिए साहित्य को व्यापक सामाजिक संदर्भों में समझने की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा।

अतिथि वक्ता डॉ. कामिनी ने मुक्तिबोध के गद्य साहित्य, विशेषकर उनकी कहानियों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने बताया कि मुक्तिबोध की कहानियां उपभोक्तावादी संस्कृति, मध्यवर्गीय मानसिकता, सामाजिक विडंबनाओं और व्यक्ति के भीतर चलने वाले द्वंद्वों को बेहद गहराई से सामने लाती हैं। उनकी रचनाएं केवल व्यक्तिगत अनुभवों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज की वास्तविक परिस्थितियों और मानवीय संघर्षों को भी उजागर करती हैं।

युवा कवयित्रियों ने काव्यपाठ से पेश की रचनात्मक अभिव्यक्ति

सेमिनार के दूसरे सत्र में युवा कवयित्रियों के काव्यपाठ का आयोजन किया गया। इस सत्र की अध्यक्षता प्रो. विश्वासी एक्का ने की। उन्होंने मुक्तिबोध की कविताओं का संदर्भ देते हुए कहा कि समय कितना भी प्रतिकूल क्यों न हो, व्यक्ति को निर्भीकता के साथ सत्य के पक्ष में खड़े रहना चाहिए। उन्होंने युवा रचनाकारों को प्रेरित करते हुए कहा कि मन में विचार आते ही उन्हें शब्दों में ढालना चाहिए, क्योंकि निरंतर लेखन और अभ्यास से ही रचनात्मकता निखरती है।

इस दौरान रितिका, रजनी, अंजुला, स्नेहा और प्रज्ञा ने अपनी कविताओं का पाठ किया। युवा कवयित्रियों की रचनात्मक अभिव्यक्ति ने कार्यक्रम में साहित्यिक उत्साह का माहौल बनाया। वहीं, अर्चना यादव द्वारा तैयार किया गया मुक्तिबोध का स्केच भी आकर्षण का केंद्र रहा।

साहित्य और समाज के रिश्ते पर हुआ सार्थक संवाद

पूरे सेमिनार के दौरान मुक्तिबोध के साहित्य, उनकी वैचारिक प्रतिबद्धता, सामाजिक सरोकारों और वर्तमान समय में उनकी प्रासंगिकता पर सार्थक चर्चा हुई। कार्यक्रम ने छात्राओं और युवा रचनाकारों को साहित्य के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के साथ ही समाज को आलोचनात्मक दृष्टि से समझने का अवसर दिया।

कार्यक्रम का संयोजन हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. मृदुला सिंह ने किया। आयोजन समिति में सुश्री कविता एक्का और सुश्री सुमन भगत की सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।