पिथौरा। महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर शनिवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लाखागढ़ के पास दो ट्रकों में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में दोनों ट्रक आग के गोले में तब्दील हो गए और पूरी तरह जलकर खाक हो गए। हादसे के दौरान एक ट्रक के चालक ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, पिथौरा थाना क्षेत्र में लाखागढ़ के पास चावल से लदा एक ट्रक खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान पिथौरा की ओर से सरायपाली की तरफ जा रहा एक अन्य ट्रक वहां पहुंचा। इस ट्रक में दोना-पत्तल और राशन सामग्री लदी हुई थी।
चलते ट्रक के इंजन में लगी आग और फिर बढ़ता गया मंजर
बताया जा रहा है कि जैसे ही दूसरा ट्रक सड़क किनारे खराब खड़े ट्रक के पास पहुंचा, उसके इंजन में अचानक आग लग गई। चालक को जब आग का पता चला तो उसने किसी तरह ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई।
इधर, देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास में खड़ा चावल से लदा ट्रक भी इसकी चपेट में आ गया। कुछ ही देर में दोनों वाहनों से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।
दोनों ट्रक जलकर हुए खाक
NH-53 पर दो ट्रकों के धू-धूकर जलने से आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क से गुजर रहे लोगों में भी हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पिथौरा पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए।
आग की भयावहता को देखते हुए महासमुंद, बागबाहरा और सरायपाली से दमकल वाहनों को मौके पर बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दोनों ट्रक बुरी तरह जल चुके थे।
आग लगने की असली वजह अब भी साफ नहीं
फिलहाल दोनों ट्रकों में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जानकारी में चलते ट्रक के इंजन में आग लगने की बात सामने आई है, लेकिन आग किन परिस्थितियों में लगी और इतनी तेजी से दूसरे ट्रक तक कैसे पहुंची, इसकी जांच की जा रही है।
पिथौरा पुलिस ने घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आग लगने के पीछे तकनीकी खराबी थी या कोई अन्य वजह। हादसे में चालक के समय रहते ट्रक से कूद जाने के कारण उसकी जान बच गई।
