महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में आधी रात एक घर में तेंदुए के घुसने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। बागबाहरा वनपरिक्षेत्र के ग्राम झिटकी में रात करीब डेढ़ बजे एक तेंदुआ अचानक यादव परिवार के घर में घुस गया। घर के अंदर मौजूद परिवार के छह सदस्यों पर तेंदुए ने हमला कर दिया। इस हमले में चार पुरुष और दो महिलाएं घायल हुई हैं। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया गया कि घटना के वक्त परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। रात करीब डेढ़ बजे उत्तरी बाई बाथरूम जाने के लिए बाहर निकलीं। इसी दौरान अचानक उनका सामना घर के बाहर मौजूद तेंदुए से हो गया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पातीं, तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया।
महिला पर हमला करने के बाद घर में घुसा तेंदुआ
उत्तरी बाई पर हमला करने के बाद तेंदुआ घर के अंदर घुस गया। उस वक्त परिवार के कई सदस्य अंदर मौजूद थे। घर में घुसते ही तेंदुए ने वहां मौजूद लोगों पर हमला शुरू कर दिया। अचानक हुए इस हमले से परिवार में चीख-पुकार मच गई और हर तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हमले में सरजू यादव, जनक यादव, मनीष यादव, तुषार यादव, उत्तरी बाई और सुनीता यादव घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि उत्तरी बाई के चेहरे और गले पर चोट आई है। सुनीता यादव की आंख और चेहरे पर चोट लगी है, जबकि मनीष यादव के हाथ-पैर में गंभीर चोटें बताई जा रही हैं।
परिवार ने दिखाई हिम्मत, तेंदुए को कमरे में किया बंद
तेंदुए के अचानक हमले के बावजूद परिवार के सदस्यों ने हिम्मत नहीं हारी। जनक यादव, उत्तरी बाई और परिवार के अन्य सदस्यों ने किसी तरह तेंदुए को घर के एक कमरे में बंद कर दिया। इससे तेंदुआ बाकी लोगों तक नहीं पहुंच सका और एक बड़ी घटना टल गई।
बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में करीब 10 सदस्य मौजूद थे। तेंदुए के कमरे में बंद होने के बाद भी परिवार के लोग काफी देर तक दहशत में रहे। आसपास के लोगों को जानकारी मिलने के बाद मौके पर भीड़ जुट गई।
छह घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
तेंदुए के हमले में घायल सभी लोगों को 112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद सभी घायलों को आगे के इलाज के लिए महासमुंद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई गई है। उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। परिवार और स्थानीय लोग घटना के बाद से बेहद डरे हुए हैं।
घर के कमरे में बंद है तेंदुआ, रायपुर से बुलाई रेस्क्यू टीम
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। फिलहाल तेंदुआ घर के एक कमरे में बंद है। वन विभाग की टीम उसे सुरक्षित तरीके से बाहर निकालने की तैयारी कर रही है।
तेंदुए के रेस्क्यू के लिए रायपुर से विशेष रेस्क्यू टीम बुलाई गई है। वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। कोशिश की जा रही है कि तेंदुए को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जाए।
आधी रात घर में घुसकर एक के बाद एक छह लोगों पर तेंदुए के हमले की इस घटना से झिटकी गांव में दहशत का माहौल है। फिलहाल ग्रामीणों की नजर वन विभाग की रेस्क्यू कार्रवाई पर टिकी हुई है।
